शेरगढ़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने की राजनाथ सिंह करें घोषणा परिवर्तन यात्रा बनी भाजपा की पर्यटन यात्रा संवाददाता पोकरण पोकरण। कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा से ठीक पहले केंद्र सरकार से आमजन के हित में कदम उठाने को मांग की है। शाले मोहम्मद ने रविवार को प्रेस नोट जारी कर कहा कि भाजपा सोमवार से रामदेवरा से परिवर्तन यात्रा करने जा रही है लेकिन यह परिवर्तन कम पर्यटन यात्रा ज्यादा लग रही है। पर्यटन पर भाजपा के नेता पोकरण में डेरा डाले हुए है लेकिन आमजन की समस्या के समाधान का प्रयास नहीं कर रहे है। पिछले साढ़े चार साल से जमीन से नदारद भाजपा अब चुनावी पर्यटन यात्रा में कई खेमों में बंटी नजर आ रही है। पोकरण क्षेत्र में बतौर सांसद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पूरी तरह फेल साबित हुए है। यहां के विकास के लिए एक भी योजना लाने में असफल रहे है और पोकरण के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार करने का प्रयास किया है। शाले मोहम्मद ने कहा कि रविवार को कांग्रेस बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक में उत्साह चरम पर नजर आ रहा है। जनता राजस्थान सरकार की राहत योजनाओं से खुश और केंद्र की अनदेखी से नाराज है। भाजपा विकास के मुद्दे पर कभी राजनीति नहीं करती है। आपसी सौहार्द बिगाड़ कर राजनीति करना भाजपा की नीति रही है लेकिन अब जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है। भाजपा गुटबाजी में जनता को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि वे प्रार्थना करते है कि बाबा रामदेव जी भाजपा नेताओं को सद्दबुद्धि दें। मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि पड़ोस की विधानसभा शेरगढ़ में सबसे ज्यादा सैनिक परिवारों का क्षेत्र है। वहां लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन आज तक घोषणा का इंतजार है। एक तरफ भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है लेकिन शहीद परिवारों की सुध तक नहीं लेती है। रक्षा मंत्री सिंह से उम्मीद है वे रामदेवरा की धरती से शेरगढ़ के केंद्रीय विद्यालय की घोषणा करेंगे।