प्रदेश में कांग्रेस का माहौल, भाजपा की परिवर्तन यात्रा को जनता ने नकारा. संवाददाता पोकरण पोकरण। अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन के आदेश जारी करने पर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में रामदेवरा में कॉलेज खोलने की घोषणा की थी उसके आदेश जारी हो गए है। शाले मोहम्मद ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत ने पोकरण क्षेत्र का सदैव ख्याल रखा है। रामदेवरा में कॉलेज के आदेश होने के बाद जल्द ही क्षेत्रवासियों को इसका फायदा मिलने लगेगा। उन्होंने कहा की इसके अलावा भी जो स्कूल-कॉलेज की घोषणाएं हुई थी उनकी भी स्वीकृति मुख्यमंत्री गहलोत ने दी है। रिखियों की ढाणी में प्राथमिक विद्यालय खोलने की भी स्वीकृति जारी हो गई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा के केंद्रीय नेता 5 साल से जनता को बरगला रहे है और महंगाई बढ़ाकर जनता को लूट रहे हैं दूसरी ओर राजस्थान की कांग्रेस सरकार जनता को राहत दे रही है। महंगाई राहत कैंप और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने भाजपा की नींद उड़ा दी है इसलिए यह लोग धार्मिक मुद्दों पर बात करने लगे है। मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा को भी नकार दिया है। जैसलमेर जिले में यह यात्रा पूरी तरह से फेल साबित हुई, यह उनके ही नेता कह रहे है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद केंद्र में मंत्री है लेकिन क्षेत्र के लिए एक योजना लाना मुनासिब नहीं समझा। शाले मोहम्मद ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रामदेवरा में बाबा रामदेव जी के दर्शन कर प्रदेश में अमन और खुशहाली की कामना की। इस बार जनता कांग्रेस के पक्ष में है और भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि जैसलमेर जिले के दो सांसद, दोनों केंद्र में मंत्री लेकिन काम के नाम पर इनके पास गिनाने के लिए कुछ नहीं है।